सरबहदा में अनियंत्रित होकर ऑटो पलटा, चालक की मौत

संवाददाता खिजरसराय दीपक सिंह:-सरबहदा थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड हेमारा के समीप मंगलवार की देर रात एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हाई बीघा गांव निवासी आनंद दास के 29 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गौतम कुमार मंगलवार की देर रात ऑटो लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पावर ग्रिड हेमारा के समीप अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में गौतम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद सरबहदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बताया जाता है कि गौतम कुमार ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।