चार दिन बाद पटना-गया रेलखंड पर 10 मेमू ट्रेनों का परिचालन बहाल

पटना-गया रेलखंड पर ट्रेन परिचालन अब सामान्य हो गया है। पुनपुन-पटना के बीच रेलवे पुल संख्या-21 पर जलस्तर घटने के बाद रेलवे ने राहत देते हुए चार दिनों से प्रभावित रेल परिचालन को बहाल कर दिया है।

जलस्तर कम होने के बाद गया से पटना और पटना से गया के बीच चलने वाली सभी 10 मेमू ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू हो गया है। इसके अलावा पटना-हटिया कोसी एक्सप्रेस और बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित मार्ग पर लौट आई हैं।

ट्रेनों का परिचालन सामान्य होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को बड़ी राहत मिली है। पिछले चार दिनों से रेलवे पुल पर जलस्तर बढ़ने के कारण ट्रेन परिचालन प्रभावित था, जिससे पटना और गया के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब ट्रेनों के नियमित परिचालन से यात्रियों की परेशानी दूर हो गई है और पटना-गया रेलखंड पर आवागमन फिर से सामान्य हो गया है।