
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- स्थानीय थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर रविवार देर रात हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। थाना से महज करीब 500 गज की दूरी पर स्थित अनिल सेठ की गल्ला दुकान का शटर काटकर बदमाश करीब 145 बोरी मूंग पिकअप वाहन पर लादकर फरार हो गए। बदमाशों ने दुकान में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए। चोरी के दौरान बगल स्थित अस्पताल में फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, देर रात बदमाशों ने पहले दुकान के शटर का ताला काटा और उसके बाद दुकान में रखी मूंग की बोरियों को बाहर निकालकर पिकअप वाहन पर लाद दिया। वारदात के बाद बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसकी हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए। कैमरों के तारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शटर काटने में इस्तेमाल किया गया औजार घटनास्थल पर ही छूट गया।
बदमाशों ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। बगल स्थित सनी उजाला की दुकान का कैमरा भी क्षतिग्रस्त पाया गया। इससे पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के जरिए संभावित साक्ष्य जुटाने में परेशानी हो सकती है।
अस्पताल में चार राउंड फायरिंग से दहशत
चोरी की वारदात के दौरान बदमाशों ने बगल स्थित अस्पताल का दरवाजा खोलने के लिए कहा। अस्पताल कर्मी अजय कुमार द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने ग्रिल में हाथ डालकर करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में अस्पताल का शीशा टूट गया। घटना के समय अस्पताल में डॉक्टर शशिकांत शर्मा भी मौजूद थे। फायरिंग के बाद अस्पताल कर्मियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यवसायी अनिल कुमार के पुत्र निशु कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद रहने के कारण बाईपास मार्ग पर रात में अंधेरा रहता है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि पर्याप्त रोशनी नहीं होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में आक्रोश है। व्यवसायियों ने रात्रि गश्ती व्यवस्था मजबूत करने, बाईपास मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने और घटना में शामिल बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। दुकानदारों के अनुसार, अनिल सेठ की दुकान में पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। थाना के बेहद करीब हुई चोरी और अस्पताल में फायरिंग की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













Leave a Reply