
गया-फतेहपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच गया-कोडरमा रेलखंड पर सोमवार की देर रात लैंडस्लाइड होने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। नाथगंज और बसकटवा के बीच टनल नंबर-1 के घाटी क्षेत्र में पहाड़ का मलबा अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। इससे अप लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
घटना रात करीब 1:30 बजे किलोमीटर संख्या 415/1-3 के पास हुई। लैंडस्लाइड की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों में हड़कंप मच गया। टनल क्षेत्र में तैनात ट्रैकमैन ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद 2:30 बजे तक ट्रैक से मलबा हटा लिया गया। इसके बाद रेलवे ने सावधानी बरतते हुए परिचालन बहाल कर दिया।
कई ट्रेनों को स्टेशनों पर रोकना पड़ा
लैंडस्लाइड के कारण गया-कोडरमा रेलखंड पर कई ट्रेनों की गति प्रभावित हुई। जानकारी के अनुसार 18624 नंबर की ट्रेन को गया जंक्शन, जबकि 13329 और 18640 नंबर की ट्रेनों को कोडरमा में रोका गया। वहीं 12815 नंबर की ट्रेन को हरे स्टेशन पर रोकना पड़ा। 18640 नंबर की ट्रेन को कोडरमा होम सिग्नल पर भी कुछ समय के लिए रोका गया।
रेलवे की त्वरित कार्रवाई के बाद ट्रैक को सुरक्षित कर परिचालन शुरू किया गया। रेलवे सुरक्षा बल कोडरमा पोस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, घटना लगातार बारिश के कारण हुई प्राकृतिक लैंडस्लाइड की वजह से हुई थी। इसमें किसी तरह के आपराधिक हस्तक्षेप की बात सामने नहीं आई है।












Leave a Reply