
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- मुख्यमंत्री सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ के तहत मंगलवार को खिजरसराय स्थित बुनियाद केंद्र में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम में 25 दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलते ही लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। लाभुकों ने इसे अपने जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि पहले आवागमन के लिए परिवार के सदस्यों या अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था। साधन के अभाव में कई जरूरी काम भी प्रभावित होते थे। अब इलेक्ट्रिक वाहन मिलने से वे अपने जरूरी कार्य स्वयं कर सकेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि संबल योजना के माध्यम से दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बैटरी चालित वाहन मिलने से लाभुकों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में प्रखंड के संबंधित अधिकारी एवं कर्मियों के साथ बुनियाद केंद्र के केंद्र प्रबंधक नवीन कुमार, अजहरुद्दीन तथा जिला से पहुंचे अधिकारी मौजूद रहे। बुनियाद केंद्र के कर्मियों ने लाभुकों को वाहन के संचालन, चार्जिंग और रखरखाव से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। अधिकारियों ने लाभुकों से वाहनों का सुरक्षित और उचित उपयोग करने की अपील की।
वाहन प्राप्त करने वाले लाभुकों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सुविधा उनके लिए महज एक वाहन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई राह है।












Leave a Reply