
गया। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 200 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। भूमि विवाद, आवास योजना, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेंशन, मुआवजा, घरेलू हिंसा और शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। फरियादियों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया और समाधान की गुहार लगाई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध तरीके से निष्पादित करें। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान तत्काल स्तर पर संभव है, उनका ऑन द स्पॉट निवारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सौंपते हुए उनके शीघ्र निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।













Leave a Reply