छह लाभुकों को मिली आवास की चाबी, 10 को स्वीकृति पत्र

खिजरसराय। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पूर्ण हुए आवासों के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छह लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई, जबकि योजना के तहत नए चयनित 10 लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

मोहड़ा प्रखंड की बीडीओ अदिति कुमारी ने विधायक प्रतिनिधि एवं हम (सेक्युलर) के प्रखंड अध्यक्ष बलिराम मांझी तथा गेहलौर पंचायत के मुखिया रंजीत राणा की मौजूदगी में लाभुकों को चाबी और स्वीकृति पत्र सौंपे। आवास की चाबी मिलने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को नए आवास के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसी दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सेवतर पंचायत के चेया गांव निवासी बाल्मीकि मांझी के परिजनों को आर्थिक सहायता दी गई। कुछ दिन पूर्व अरई मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाल्मीकि मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। बीडीओ अदिति कुमारी ने मृतक के परिजन को 20 हजार रुपये का चेक सौंपा।

आर्थिक सहायता मिलने से शोकाकुल परिवार को कुछ राहत मिली। कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। लाभुकों ने आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन के प्रति आभार जताया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि बलिराम मांझी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।