मानपुर में ‘सखी वार्ता’ : मिशन शक्ति और नारी शक्ति योजना की दी जानकारी

गया : महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा मंगलवार को मानपुर प्रखंड के लखनपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘सखी वार्ता’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ICDS, जिला मिशन समन्वयक DHEW और महिला पर्यवेक्षक ने संयुक्त रूप से महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘मिशन शक्ति’ और राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना’ के तहत चल रही महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और कानूनी रूप से मजबूत बनाना है। आवेदन की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और मिलने वाले लाभों के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में लखनपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं व किशोरियां शामिल हुईं। उन्होंने योजनाओं को लेकर सवाल भी पूछे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर गया प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले के अन्य प्रखंडों में भी ऐसे कार्यक्रम कर महिलाओं को सीधे लाभ दिलाया जाएगा।