टनकुप्पा में जीविका दीदियों की वार्षिक आमसभा, 9 हजार से अधिक परिवारों को मिल रहा लाभ

टनकुप्पा, गया। प्रखंड कार्यालय टनकुप्पा के सभागार में बुधवार को हिन्दुस्तान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष रेणु देवी ने की। उन्होंने समिति की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

रेणु देवी ने बताया कि सहकारी समिति से 44 ग्राम संगठन जुड़े हुए हैं। इनके माध्यम से नौ हजार से अधिक परिवार विभिन्न आजीविका गतिविधियों से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने समिति की ओर से वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य एवं पोषण, रोजगार, सामाजिक विकास, कृषि, पशुपालन और जागरूकता कार्यक्रमों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरी कुमारी ने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी क्षमता और शक्ति को पहचानें। जीविका दीदियां विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के साथ सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कविता के माध्यम से भी दीदियों को प्रेरित किया।

पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक शशि कुमार ने जीविका दीदियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए वित्तीय सहयोग का आश्वासन दिया। प्रबंधक संचार दिनेश कुमार ने आजीविका गतिविधियों के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण पदाधिकारी जय राम सिंह ने जीविका के गठन के उद्देश्य और सामुदायिक क्षमता निर्माण के बारे में जानकारी दी।

प्रखंड परियोजना प्रबंधक राम विनय कुमार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लाभों की जानकारी दी। साथ ही जीविका दीदियों से पंचसूत्र का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत जीविका दीदियों के स्वागत गान से हुई। इसके बाद दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए और वित्तीय वर्ष 2025-26 का वित्तीय ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस दौरान बताया गया कि समिति ने विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार एवं आजीविका से जोड़ा है।

सभा में एसजेवाई एमआरपी द्वारा कविता के माध्यम से शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वहीं जीविका दीदियों ने लोकगीतों के माध्यम से जीविका से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आए बदलाव को प्रस्तुत किया। बेहतर कार्य करने वाले सामुदायिक सेवा प्रदाताओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष रेणु देवी, बोर्ड सदस्य, जिला कार्यालय के प्रबंधक संचार दिनेश कुमार, प्रशिक्षण पदाधिकारी जय राम सिंह, प्रखंड परियोजना प्रबंधक राम विनय कुमार, सामुदायिक समन्वयक कमलेश कुमार, पिंकी कुमारी, मिन्ता कुमारी, क्षेत्रीय समन्वयक, जीविका कैडर एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। आमसभा में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लिया।