
गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर हथियार के स्रोत और उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक दिव्यांजलि जायसवाल ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नीमचक बथानी थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था, इसे किस उद्देश्य से रखा गया था तथा इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया जाना था या नहीं। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास, उसके संभावित सहयोगियों और किसी गिरोह से संबंध की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट कहा कि गया जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
संवाददाता दीपक सिंह












Leave a Reply