जदयू प्रखंड अध्यक्ष रणविजय कुमार ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

फतेहपुर प्रखंड की निमी पंचायत अंतर्गत बरकैल गांव में रविवार को जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह विश्व सूत्री उपाध्यक्ष रणविजय कुमार के नेतृत्व में ‘एक पेड़ नीतीश के नाम’ अभियान के तहत पीपल का छायादार पौधा लगाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की गई।
पौधरोपण के बाद रणविजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास और राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके सम्मान में प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस अभियान से नहीं जुड़ना चाहता है, तो वह अपने माता-पिता के सम्मान में एक पौधा लगाकर भी पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक छायादार एवं फलदार पौधे लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चंद्रदेव प्रसाद, अरविंद कुमार, मो. मिन्हाज, सरवन कुमार, पिंटू मांझी, हिमांशु कुमार सहित दर्जनों स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अभियान से जुड़ने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।













Leave a Reply