
गया-कोडरमा रेलखंड के टनकुप्पा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह हुए दर्दनाक हादसे में एक रेलकर्मी की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्रिका यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह गया जिले के बभनीमा गांव के निवासी थे और टनकुप्पा स्टेशन पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे लगातार हो रही बारिश के बीच चंद्रिका यादव रेनकोट पहनकर अपनी ड्यूटी के लिए स्टेशन पहुंचे थे। वह स्टेशन कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लूप लाइन से एक मालगाड़ी गुजर रही थी। बताया जाता है कि मालगाड़ी के गुजरने तक वह पास में खड़े एक पेड़ के निकट रुक गए। तभी अचानक तेज बारिश और हवा के कारण पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।
पेड़ की चपेट में आने से चंद्रिका यादव गंभीर रूप से दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना रेलवे के वरीय अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के कारण पेड़ गिरने से यह दुर्घटना हुई। रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।













Leave a Reply