फतेहपुर में शराब तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 बाइक के साथ 1,200 लीटर देसी शराब जब्त

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पतिया गांव के समीप से 1,200 लीटर देसी शराब एवं छह मोटरसाइकिल जब्त की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर शराब तस्कर फरार होने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बड़ी मात्रा में देसी शराब की खेप मोटरसाइकिलों के माध्यम से बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर फतेहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पतिया गांव के समीप घेराबंदी की। पुलिस की भनक लगते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
इस अभियान का नेतृत्व एसआई सतिन प्रसाद, एएसआई मनोज कुमार एवं एसआई प्रेमजीत पासवान ने किया। पुलिस ने मौके से छह मोटरसाइकिल और करीब 1,200 लीटर देसी शराब जब्त की है।

फतेहपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब को थाना लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि झारखंड से बिहार में शराब की तस्करी करने वाले गिरोह पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।