नया बिजली कनेक्शन देने के नाम पर रिश्वत लेते जेई व तकनीशियन गिरफ्तार।

भागलपुर, प्रतिनिधि। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नया बिजली कनेक्शन देने के एवज में चार हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली विभाग के एक कनीय अभियंता (जेई) और स्मार्ट मीटर कंपनी के एक तकनीशियन को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी कचहरी रोड स्थित कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र परिसर से की गई।

गिरफ्तार आरोपितों में कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र के कनीय अभियंता अमित कुमार और जीनस कंपनी (स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कंपनी) के तकनीशियन सौरभ कुमार शामिल हैं।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र के झौवा कोठी निवासी संतोष कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नया बिजली कनेक्शन देने के बदले दोनों आरोपितों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 86/26 दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।निगरानी ब्यूरो ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।