
गया–कोडरमा रेल सेक्शन के पहाड़पुर–बंशीनाला स्टेशन के बीच शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डाउन लाइन पर नई दिल्ली से हावड़ा जा रही 12302 राजधानी एक्सप्रेस तेलबीघा गांव के समीप रेल लाइन पार कर रही एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक ट्रेन के इंजन के किनारे फंस गई और करीब आधा किलोमीटर तक ग्राम खैरा की ओर घसीटती चली गई। बाद में तेज रफ्तार के कारण बाइक उछलकर दूर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद लोको पायलट ने तत्काल कंट्रोल और आगे के स्टेशन को इसकी सूचना दी। हालांकि हादसे में ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ और राजधानी एक्सप्रेस अपनी निर्धारित गति से आगे बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद आसपास सन्नाटा होने पर बाइक चालक मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त बाइक के पुर्जों को समेटकर वहां से चला गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेलबीघा के पास रेलवे द्वारा घेराबंदी की गई है, लेकिन खुले स्थान से लोग अब भी बाइक, साइकिल और पैदल रेल लाइन पार करते हैं। इसी रास्ते से दर्जनों गांवों के ग्रामीण और स्कूली छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।
आरपीएफ के जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब 6:20 बजे हुई। सूचना मिलते ही पहाड़पुर स्टेशन पर तैनात रेल पुलिस को घटनास्थल पर भेजा गया। वहां से मोटरसाइकिल के कुछ क्षतिग्रस्त पुर्जे बरामद किए गए हैं। रेल पुलिस बाइक मालिक की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी है।













Leave a Reply