खेलने के दौरान करंट लगने से 10 वर्षीय किशोर की मौत, परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया आरोप।

खिजरसराय थाना क्षेत्र के रौनिया पंचायत अंतर्गत पाठकबीघा गांव में शनिवार को करंट लगने से एक 10 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान जगदीशपुर निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है। वह अपने पिता सनित कुमार के साथ ननिहाल आया हुआ था। बताया जाता है कि सत्यम खेलने के दौरान बिजली के संपर्क में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे खिजरसराय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि बरसात के मौसम में बिजली विभाग द्वारा बिजली के तारों और उपकरणों की समुचित मरम्मत नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था में खराबी थी, जिसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया।

हालांकि, बिजली विभाग की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है