
गया जिले के फतेहपुर स्थित +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय को अब सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के रूप में नई पहचान मिल गई है। रविवार को बिहार सरकार के सात निश्चय-3 (2025-30) के तहत विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराकर छात्राओं को निजी विद्यालयों के समकक्ष शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है।
उद्घाटन समारोह मुख्यमंत्री के ऑनलाइन मार्गदर्शन में दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर संपन्न हुआ। शिक्षा विभाग द्वारा गया जिले में चयनित 25 मॉडल विद्यालयों में फतेहपुर का यह विद्यालय भी शामिल है। इससे क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक संसाधन, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था और समग्र विकास के नए अवसर मिलेंगे।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक उमेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल बनने से विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में और सुधार होगा तथा छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शिक्षा का वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर शिक्षक चितरंजन कुमार, अशोक सिंह, कृष्ण सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












Leave a Reply