
संवाददाता, खिजरसराय :- खिजरसराय प्रखंड की होरमा पंचायत स्थित मध्य विद्यालय रमन बिगहा में शनिवार को बाल श्रम, मानव तस्करी एवं बंधुआ मजदूरी की रोकथाम को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर विद्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की।
रैली के समापन पर आयोजित सभा में उपस्थित सभी लोगों को बाल श्रम, मानव तस्करी एवं बंधुआ मजदूरी के खिलाफ जागरूक रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग को देने तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायत के मुखिया उमेश कुमार ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम और मानव तस्करी जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा।
सेंटर डायरेक्ट संस्था के प्रखंड समन्वयक गौतम कुमार ने कहा कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि कहीं बाल श्रम, बाल तस्करी या बंधुआ मजदूरी जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो इसकी तत्काल सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर बच्चों के अधिकारों की रक्षा की जा सके।
इस अवसर पर वार्ड सदस्य गायत्री देवी, विद्यालय के शिक्षक उपेंद्र कुमार, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार 18 जुलाई से 25 जुलाई तक राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों एवं पंचायतों में रैली, शपथ ग्रहण, जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल श्रम, मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वक्ताओं ने सभी लोगों से अभियान को सफल बनाने और बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सक्रिय सहयोग करने की अपील की।












Leave a Reply