
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के तपासा गांव में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी के घर से 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि घर से शराब मिलने के कारण उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तपासा गांव निवासी दामोदर कुमार के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी था। साथ ही पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपने घर से अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसआई अमरेंद्र कुमार, एएसआई सतीन प्रसाद, एएसआई मनोज कुमार एसआई संदिप कुमार और सुभाष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान घर से 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी दामोदर कुमार फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान उसके पिता राम प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, जो रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं।
पूछताछ में राम प्रसाद यादव ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा ही शराब लाकर घर में रखता था। पुलिस के अनुसार दामोदर कुमार पहले भी शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी दामोदर कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













Leave a Reply