झारखंड से तस्करी कर लाई जा रही 500 लीटर देसी शराब जब्त, तीन बाइक भी बरामद

फतेहपुर पुलिस ने बुधवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 लीटर देसी शराब एवं तीन मोटरसाइकिल जब्त की। यह शराब झारखंड से तस्करी कर फतेहपुर लाई जा रही थी। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।

फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसआई अमरेंद्र कुमार एवं एएसआई सतीन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के नई दुनिया गांव के समीप छापेमारी की। पुलिस को देखते ही शराब तस्कर अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर भाग निकले।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 500 लीटर देसी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल बरामद कर ली। जब्त शराब और बाइक को थाना लाया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार शराब तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।