शेरघाटी के कचौड़ी पंचायत में सहयोग शिविर, डीएम-एसएसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं

गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की मौजूदगी में सोमवार को शेरघाटी थाना क्षेत्र के कचौड़ी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने गए।

इस दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, प्रभावी और निष्पक्ष निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

शिविर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेरघाटी-01, शेरघाटी थानाध्यक्ष सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अंत में अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था को मजबूत करने तथा क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।