
फतेहपुर (संवाददाता): मुहर्रम पर्व के मद्देनज़र चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 450 लीटर देसी शराब और तीन मोटरसाइकिल जब्त की है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से शराब छोड़कर फरार होने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बड़ी मात्रा में देसी शराब की खेप तस्करी कर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर फतेहपुर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के नई दुनिया के समीप घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया, जबकि तीन मोटरसाइकिलों पर लदी करीब 450 लीटर देसी शराब बरामद कर ली गई।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि एसआई अमरेंद्र कुमार, एएसआई मनोज कुमार एवं LTF टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। जब्त शराब एवं तीनों मोटरसाइकिलों को थाना लाया गया है।
उन्होंने बताया कि फरार शराब तस्कर की पहचान की जा रही है तथा उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।













Leave a Reply