
नगर पंचायत फतेहपुर में शनिवार को होने वाले सशक्त स्थायी समिति के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। पहली बार गठित नगर पंचायत में तीन सदस्यीय स्थायी समिति के गठन को लेकर वार्ड पार्षदों के बीच रणनीति और समर्थन जुटाने का दौर लगातार जारी है।
नगर पंचायत के कुल 11 वार्ड पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चौक-चौराहों, चाय दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर दिनभर संभावित उम्मीदवारों और पार्षदों के समर्थन को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
चुनाव को लेकर नगर पंचायत की राजनीति पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। किस उम्मीदवार को कितने पार्षदों का समर्थन मिलेगा और समिति में किन नए चेहरों की एंट्री होगी, इसको लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। कई संभावित उम्मीदवारों ने पार्षदों से संपर्क तेज कर दिया है।
सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ शशि भूषण साहू ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार कक्ष में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। सुबह आठ बजे से 10 बजे तक नामांकन दाखिल होगा। इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे से मतदान शुरू होगा, जो मतदान समाप्ति तक जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपने के साथ तत्काल शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है।












Leave a Reply