
खिजरसराय। संवाददाता :- नगर पंचायत खिजरसराय की सशक्त स्थायी समिति के गठन की प्रक्रिया शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय, नीमचक बथानी में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। समिति के सदस्य पद संख्या 01, 02 एवं 03 के लिए हुए निर्वाचन में तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, नीमचक बथानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर पंचायत के कुल 13 निर्वाचित सदस्यों की उपस्थिति का सत्यापन किया गया। नामांकन वापसी की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्रत्येक पद पर केवल एक-एक वैध उम्मीदवार शेष रहने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
निर्वाची पदाधिकारी ने सदस्य पद संख्या 01 के लिए कुमारी अनीता रानी, सदस्य पद संख्या 02 के लिए शीला देवी तथा सदस्य पद संख्या 03 के लिए सत्यजीत चंद्र मौर्य को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
निर्वाचन परिणाम की घोषणा के बाद सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी ने नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए नगर पंचायत के विकास, जनकल्याण और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।सशक्त स्थायी समिति के गठन के साथ ही नगर पंचायत में विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों के संचालन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।











Leave a Reply