खिजरसराय में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और ऑटो की टक्कर में दर्जनों श्रद्धालु घायल, दो की हालत गंभीर।

खिजरसराय :- गया–पटना मुख्य मार्ग पर खिजरसराय थाना क्षेत्र स्थित आईमा सूर्य मंदिर के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजगीर से मलमास मेला देखकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे ऑटो में तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में करीब 10 से 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों में गीता देवी, रेखा देवी, बल्लू देवी, सुनैना देवी समेत अन्य शामिल हैं। सभी घायल चाकंद थाना क्षेत्र के बहादुर बीघा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिजरसराय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बिंदी देवी और ममता देवी समेत अन्य को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही खिजरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। वहीं सीएचसी के चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और सभी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।