
जहानाबाद :- पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गयाजी विकास वैभव ने गंभीर आपराधिक मामलों के अनुसंधान में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इसी क्रम में पु.नि. पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित करने का आदेश भी जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, विकास वैभव द्वारा जहानाबाद जिले के लंबित एवं गंभीर कांडों की समीक्षा की जा रही थी। समीक्षा के दौरान मखदुमपुर (टेहटा) थाना कांड संख्या 321/25 एवं कांड संख्या 437/24 के अनुसंधान में गंभीर लापरवाही सामने आई।
जांच में पाया गया कि तत्कालीन अनुसंधानकर्ता पु.नि. पंकज कुमार ने गिरफ्तार अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर पूछताछ नहीं की तथा फरार अभियुक्तों के विरुद्ध समय पर न्यायालय से वारंट प्राप्त करने हेतु आवश्यक अधियाचना भी दाखिल नहीं की। इसके अलावा रिमांड संबंधी प्रयासों एवं अनुसंधान की प्रगति से जुड़ी कोई अभिलेखीय प्रविष्टि स्टेशन डायरी में दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद द्वारा मामले की विस्तृत समीक्षा कर प्रतिवेदन भेजा गया, जिसमें अनुसंधान में लापरवाही, शिथिलता, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता का उल्लेख करते हुए निलंबन एवं विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।
समीक्षा में यह भी सामने आया कि अनुसंधान में बरती गई लापरवाही के कारण लूट एवं डकैती जैसे गंभीर मामलों में अभियुक्तों को न्यायालय से लाभ मिला, जिससे अनुसंधान की गुणवत्ता प्रभावित हुई और अपराध नियंत्रण पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ी।
पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने स्पष्ट कहा है कि अनुसंधान की गुणवत्ता, जवाबदेही एवं अपराध नियंत्रण पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल, वर्तमान में साइबर थाना, जहानाबाद में पदस्थापित पु.नि. पंकज कुमार को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












Leave a Reply