
खिजरसराय प्रखंड के सीसवर गांव स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर हुए पथराव मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। घटना के बाद पुलिस द्वारा कुछ नाबालिग बच्चों को हिरासत में लेकर सुधार गृह भेजे जाने पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता एवं प्रत्याशी वैजयंती देवी ने प्रशासन की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वैजयंती देवी सीसवर गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने हिरासत में लिए गए बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि बच्चे नाबालिग हैं और संभवतः नासमझी में ऐसी गलती कर बैठे। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सीधे जेल या सुधार गृह भेजना बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
हालांकि, उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री जैसे बड़े नेता पर पथराव होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यदि पत्थर किसी संवेदनशील जगह पर लगता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
वैजयंती देवी ने कहा कि,
“बच्चे नासमझ हैं, लेकिन यह घटना बहुत गंभीर है। मंत्री जी पर पथराव होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है। ऐसी घटनाओं में बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी। प्रशासन को सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज और बच्चों को सही दिशा देने पर भी ध्यान देना चाहिए।”
उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से भी अपील करते हुए कहा कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। गौरतलब है कि सीसवर गांव स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इसी दौरान बाहर से फेंका गया पत्थर उनके अंगरक्षक को जा लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद खिजरसराय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों और नाबालिगों को हिरासत में लिया था। इसके बाद से यह मामला राजनीतिक बहस और आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है।












Leave a Reply