
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में रविवार को फतेहपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी प्रदीप कुमार के घर कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे दिन मामले की चर्चा होती रही।
बताया जाता है कि एक आपराधिक मामले में आरोपी प्रदीप कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था। कई बार नोटिस और गिरफ्तारी के प्रयास के बावजूद उसके हाजिर नहीं होने पर न्यायालय ने कुर्की का आदेश जारी किया था। आदेश के आलोक में फतेहपुर थाना पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए आरोपी के घर पहुंचकर विधिसम्मत तरीके से कुर्की की प्रक्रिया पूरी की।
कुर्की अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने किया। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर में मौजूद सामानों की सूची बनाकर जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई।
अभियान में अपर थानाध्यक्ष रामकृपाल यादव, एसआई सोनु कुमार, एसआई अमरेन्द्र, एएसआई मनोज कुमार, चंदेश्वर प्रसाद, चंदन कुमार सहित अन्य पुलिस जवान मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Leave a Reply