
गया। गयाजी साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले युवक राजेंद्र राव उर्फ सरदार को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाने की विशेष टीम ने गुरुवार देर रात मारूफगंज इलाके में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। आरोपी नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। इसकी पुष्टि एसएसपी सुशील कुमार ने की है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गयाजी लाया गया, जहां एसएसपी कार्यालय में उससे पूछताछ की जा रही है। मौके पर सिटी एसपी कोटा किरण कुमार और साइबर डीएसपी भी मौजूद हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी राजनीतिक संगठन से जुड़ा है या नहीं, तथा उसने किसी के कहने या बहकावे में आकर धमकी भरा वीडियो जारी किया था या नहीं।
बताया जाता है कि बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर रविवार को मोहनपुर प्रखंड के गम्भीरा गांव में हमला हुआ था। घटना के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद बुधवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक केंद्रीय मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए हमला करने की धमकी देता दिखाई दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी विकास वैभव और एसएसपी सुशील Kumar ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू करने का आदेश दिया। साइबर डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गम्भीरा गांव की बदहाल सड़क बनी विवाद की वजह
मोहनपुर प्रखंड के बमुआर पंचायत स्थित गम्भीरा गांव की सड़क आजादी के बाद से अब तक पक्की नहीं बन सकी है। गयाजी जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित यह गांव आज भी मूलभूत सड़क सुविधा से वंचित है। सरवां से बोधगया बाइपास को जोड़ने वाली करीब 20 किलोमीटर लंबी सड़क पर तीन पुलों का निर्माण वर्षों से अधूरा पड़ा है।
सड़क पर पड़ने वाली तीन बरसाती नदियों के कारण ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। महादेव स्थान से गम्भीरा तक पक्की सड़क का नामोनिशान नहीं है। ग्रामीण हर साल चंदा और श्रमदान कर मिट्टी डालकर रास्ता तैयार करते हैं, लेकिन पहली बारिश में सड़क फिर दलदल में तब्दील हो जाती है।
इसी बदहाल सड़क पर रविवार को विधायक ज्योति मांझी का काफिला फंस गया था, जिसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया।











Leave a Reply