
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बगोदर घाट से बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध बालू उत्खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान बगोदर घाट पर पुलिस टीम ने मौके से दो ट्रैक्टरों को पकड़ा, जिन पर अवैध रूप से बालू लदा हुआ था। हालांकि पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों ट्रैक्टरों के चालक मौके से फरार हो गए।
जब्त किए गए ट्रैक्टरों को फतेहपुर थाना लाकर सुरक्षित रखा गया है। पुलिस द्वारा वाहनों के मालिकों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस कार्रवाई की सूचना उत्खनन विभाग को भी दे दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












Leave a Reply