
मंत्री ने हादसा पीड़ित परिवारों को राहत और न्याय का दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सोमवार को फतेहपुर एवं वजीरगंज क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। फतेहपुर प्रखंड के राघवचक गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण दो छात्र रोशन एवं राहुल की मौत पर मंत्री ने उनके घर पहुंचकर शोक जताया। स्वजनों ने मंत्री से एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा आपदा कोष से सहायता दिलाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी से फोन पर बात कर शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, वहीं नौकरी के संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता का आश्वासन दिया।
इसके बाद पतेया गांव निवासी संजय मांझी की पत्नी बिंदु देवी की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में मंत्री ने पीड़ित परिवार से भेंट की। संजय मांझी ने प्राथमिकी दर्ज करने में पुलिसकर्मी द्वारा गड़बड़ी का आरोप लगाया। जिस पर मंत्री ने संज्ञान लेते हुए एसएसपी से बातचीत कर पुन प्राथमिकी दर्ज कराने और दोषी कर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
संडेश्वर गांव निवासी रामपति यादव के पुत्र आईटीबीपी जवान रंजीत की होली के दौरान सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मंत्री ने स्वजनों से मिलकर दुख व्यक्त किया और बीडीओ को तत्काल राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसी क्रम में फतेहपुर नगर पंचायत के अंदर बाजार निवासी स्व. नवल सिंह एवं गोपीमोड़ निवासी सियाचारन मांझी के परिजनों से भी मिलकर उन्होंने सांत्वना दी और आर्थिक सहयोग प्रदान किया। वहीं वजीरगंज के तरवां में मंत्री ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता कपिल चौधरी की दिवंगत पत्नी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दौरे के दौरान धराहरा कला समेत विभिन्न पंचायतों के लोगों ने डुमरी चट्टी के पास ढाढ़र नदी पर अंडरपास निर्माण एवं पतेया में नाली निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। जिस पर मंत्री ने समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर हम पार्टी के जिलाध्यक्ष नारायण मांझी, संतोष सागर, भाजपा अध्यक्ष संजय कुमार, कृष्णा सिंह, देवीलाल यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।












Leave a Reply