
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, गयाजी (समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार) के सौजन्य से फतेहपुर प्रखंड परिसर में शनिवार को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम 2007 के प्रचार-प्रसार और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शशि फाउंडेशन, पटना के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक का सजीव मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने समाज में माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, देखभाल और उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक संतान का कर्तव्य है कि वह अपने माता-पिता और बुजुर्गों की देखभाल करे तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को माता-पिता भरण-पोषण अधिनियम 2007 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
इसके साथ ही उपस्थित लोगों को सरकार द्वारा संचालित बुनियाद केंद्र की सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि इन केंद्रों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, पुनर्वास और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए बेहद उपयोगी बताया।
नुक्कड़ नाटक का मंचन करने वाले कलाकारों में हॉबीनस कुमार, बीफन कुमार, ज्योति देवी, राम प्रवेश कुमार, अखिलेश दास तथा संजीत कुमार शामिल रहे। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ने का कार्य किया।
कार्यक्रम में फतेहपुर प्रखंड के कई पदाधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शशिभूषण साहू, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी प्रमोद कुमार साव सहित प्रखंड के अन्य कर्मियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचती है। इस जागरूकता कार्यक्रम ने लोगों को न केवल कानून की जानकारी दी, बल्कि समाज में बुजुर्गों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया।









Leave a Reply