जमीनी विवाद में मारपीट, हत्या के प्रयास के मामले में छह आरोपित गिरफ्तार

गया जिले के महकार थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को सभी आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान किशोरी कुमार, ललन कुमार और विनय कुमार (तीनों के पिता स्वर्गीय रामबली यादव), दीपक कुमार और सूरज कुमार (दोनों के पिता शिवजी यादव) तथा शिवजी यादव (पिता स्वर्गीय भवन यादव) के रूप में हुई है। सभी आरोपित महकार थाना क्षेत्र के करहर एवं महुआरी गांव के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, जमीन को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मामले में हत्या के प्रयास के आरोप में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया। महकार थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।