
खिजरसराय (गया)। खिजरसराय बाजार में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर नगर पंचायत प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। मंगलवार को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पाण्डेय स्वयं सड़क पर उतरे और बाजार की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को चिन्हित कर संबंधित लोगों को मौके पर ही नोटिस जारी किया गया।
नगर पंचायत प्रशासन के अचानक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू करने से बाजार में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान मंगलवार को दर्जनों अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।
बोर्ड की बैठक में भी उठा था जाम का मुद्दा
खिजरसराय बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से आम लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम और अतिक्रमण की समस्या का मुद्दा नगर पंचायत खिजरसराय की पिछली सामान्य बोर्ड की बैठक में भी प्रमुखता से उठा था। बैठक में सदस्यों ने बाजार की जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने अब अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सड़क किनारे सामान रखने से बढ़ती है परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में कई दुकानदार सड़क किनारे सामान रख देते हैं। इसके अलावा जगह-जगह अस्थायी ढांचे और अन्य प्रकार के अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और अक्सर बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
नगर पंचायत की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि यदि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहा तो खिजरसराय बाजार को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है। लोगों ने प्रशासन से अभियान को नियमित रूप से जारी रखने और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।












Leave a Reply