ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर आंदोलन, सरकार को सौंपा गया मांगों का ज्ञापन।

गया। बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ (BRDSA) के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर जिले के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) आंदोलन की राह पर हैं। संघ के निर्णय के अनुसार 21 सितंबर 2026 से गया जिले के सभी 24 प्रखंडों के BDO सामूहिक अवकाश पर जाएंगे। इसे लेकर संघ की ओर से प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग, मुख्य सचिव, बिहार सरकार समेत संबंधित जिला पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांगों से अवगत कराया गया है।
संघ का कहना है कि ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को लंबे समय से विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नियुक्ति, वेतनमान, सेवा संरचना, सुरक्षा और प्रोन्नति समेत कई मांगों को लेकर सरकार का ध्यान लगातार आकृष्ट कराया जाता रहा है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर संघ ने आंदोलन का निर्णय लिया है।
BDO की प्रमुख मांगें:-
संघ ने मांग की है कि एंट्री लेवल-9 में नियुक्ति एवं वेतनमान का प्रावधान करते हुए अधिकारियों को राज्य सेवा संवर्ग में शामिल किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीण विकास सेवा की सेवा संरचना में आवश्यक सुधार किया जाए।
अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर भी संघ ने गंभीर चिंता जताई है। संघ की मांग है कि BDO समेत संबंधित अधिकारियों को निजी अंगरक्षक के साथ सुरक्षा गार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा अधिकारियों को कालबद्ध प्रोन्नति का लाभ देने तथा संघ द्वारा पूर्व में उठाई गई अन्य सेवा संबंधी मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई है।
24 प्रखंडों में कामकाज प्रभावित होने की आशंका।
गया जिले के सभी 24 प्रखंडों में BDO की भूमिका ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर प्रशासनिक कार्यों और पंचायत स्तर की विभिन्न योजनाओं की निगरानी तक महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में जिले के सभी BDO के एक साथ सामूहिक अवकाश पर जाने से प्रखंड स्तर पर विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन पर असर पड़ने की संभावना है।
BRDSA ने सरकार से अधिकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे भी विस्तारित किया जा सकता है।













Leave a Reply