
गोमो रेलवे स्टेशन पर करंट लगने से कोयला मालगाड़ी की बोगियों के बीच गिरा था युवक, साथियों ने भी बचाव अभियान में दिया सहयोग
गोमो। गोमो रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति कोयला मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान वह हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया और करंट लगने के बाद मालगाड़ी की बोगियों के बीच ज्वाइंट में जा गिरा।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति गंभीर होने के कारण लोग काफी देर तक असमंजस में रहे। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी युवक को मृत समझ चुके थे।
इसी दौरान पत्रकार कंचन यादव ने साहस का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना युवक को बचाने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने जोखिम उठाकर बोगियों के बीच पहुंचकर युवक को बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान कंचन यादव के कई साथियों ने भी उनका सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए गोमो रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पत्रकार कंचन यादव और उनके साथियों के इस साहसिक प्रयास की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरे व्यक्ति की जिंदगी बचाने का यह प्रयास मानवता और साहस की मिसाल माना जा रहा है।













Leave a Reply