
मध्य विद्यालय जम्हेता में आयोजित हुआ विदाई सह सम्मान समारोह, शिक्षकों ने उनके कार्यकाल की सराहना की
संवाददाता, फतेहपुर। फतेहपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय जम्हेता की प्रधानाध्यापिका कुमारी विमल के विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। कार्यक्रम शिक्षक संघ के अनुमंडल अध्यक्ष अमिताभ सुमन के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जबकि मंच का संचालन जितेंद्र प्रसाद ने किया।
समारोह में विद्यालय परिवार एवं शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने प्रधानाध्यापिका कुमारी विमल के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने विद्यालय में अपने कार्यकाल के दौरान शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ विद्यालय के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यों एवं व्यवहार की शिक्षकों ने प्रशंसा की।
विदाई समारोह के दौरान शिक्षक संघ के अनुमंडल अध्यक्ष अमिताभ सुमन ने अपने गीतों के माध्यम से समारोह में चार चांद लगा दिए। उनके गीतों ने समारोह में मौजूद शिक्षकों एवं अतिथियों को भावुक करने के साथ-साथ माहौल को खुशनुमा बना दिया। उन्होंने गीतों के माध्यम से प्रधानाध्यापिका कुमारी विमल के कार्यकाल की सराहना की और उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि विद्यालय में लंबे समय तक सेवा देने के बाद विदाई का क्षण भावुक करने वाला होता है। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए उनके सरल व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा एवं सहयोगात्मक रवैये की प्रशंसा की। समारोह में उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य, सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार राय, शिक्षक संजय कुमार, मनोज कुमार, शिक्षक संघ के सचिव राजकुमार पासवान, शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष रविशंकर कुमार, पहाड़पुर की प्रधानाध्यापिका देवकी कुमारी, शिक्षक राकेश रौशन, प्रभारी प्रधानाध्यापक गणेश प्रसाद, शिक्षिका आशा कुमारी, संजू कुमारी,शिक्षा सेवक महेशवर ऋषियासन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार एवं शिक्षक संघ के सदस्यों ने प्रधानाध्यापिका कुमारी विमल को सम्मान एवं शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों की आंखें भी नम हो गईं।













Leave a Reply