
फतेहपुर:- नारदीगंज पुलिस ने बुधवार को फतेहपुर बस स्टैंड के समीप प्रिया ज्वेलर्स में छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस चोरी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी को साथ लेकर दुकान पर पहुंची थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी का सामान उसने प्रिया ज्वेलर्स में 25 हजार रुपया में बेचा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दुकान की जांच की।
दुकान से पुलिस ने चांदी का गिलास, चांदी का कटोरा, कान की बाली समेत अन्य आभूषण बरामद किया। बरामद सामान को जब्त करने के बाद पुलिस प्रिया ज्वेलर्स के संचालक अरुण कुमार वर्मा को भी अपने साथ नारदीगंज ले गई। पुलिस उनसे चोरी के सामान की खरीद-बिक्री को लेकर पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी के सामान को प्रिया ज्वेलर्स में बेचे जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद नारदीगंज पुलिस आरोपी को लेकर फतेहपुर पहुंचा और उसकी निशानदेही पर कार्रवाई की।
पुलिस बरामद आभूषणों की पहचान कराने के साथ ही यह भी पता लगा रही है कि चोरी का सामान किस माध्यम से दुकान तक पहुंचा और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद फतेहपुर बाजार में दिनभर चर्चा बनी रही। मामले में पुलिस की जांच जारी है।












Leave a Reply