शिक्षा और विकास की जमीनी हकीकत जानने निकले विधायक रोमित कुमार, कई जगहों का किया निरीक्षण

संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह । अतरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोमित कुमार ने बुधवार को नीमचक बथानी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों और अनाज गोदाम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। क्षेत्र में हुई मौतों पर शोक संतप्त परिवारों से मिलकर संवेदना भी व्यक्त की।

विधायक ने सबसे पहले तेलारी पंचायत के श्री बिगहा में डिग्री कॉलेज के लिए प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया। इसके बाद मंई पंचायत के कमालपुर में भी कॉलेज के लिए उपलब्ध जमीन का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से जमीन की स्थिति और वहां उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।

इसके बाद विधायक ने मध्य विद्यालय कमालपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई की व्यवस्था, शिक्षकों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

विधायक ने नीमचक बथानी प्रखंड परिसर स्थित अनाज गोदाम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनाज के भंडारण और रखरखाव की व्यवस्था देखी तथा संबंधित कर्मियों से गोदाम में उपलब्ध अनाज और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक बथानी बाजार पहुंचे, जहां सिया शरण साव के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं, चौसंडी गांव में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। सिंधा गांव में भूषण चौधरी के निधन पर भी विधायक ने उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।

विधायक रोमित कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए जमीन का निरीक्षण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर भ्रमण और निरीक्षण किया जाएगा।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि मनोज कुशवाहा, पंचायत समिति सदस्य गुड्डू चौधरी, अरविंद चौधरी, प्रमोद कुशवाहा, भोला यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।