गया पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹50 हजार का इनामी टॉप-10 अपराधी टिंकू सिंह गिरफ्तार।

कई संगीन मामलों में था फरार, परैया थाना क्षेत्र से विशेष टीम ने दबोचा

गया। गया पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल ₹50 हजार के इनामी अपराधी टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चोखा उर्फ सत्यनारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुम्हारटोली का रहने वाला है और लंबे समय से कई गंभीर मामलों में फरार चल रहा था।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा वजीरगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में मुफस्सिल थाना पुलिस और तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे। पारंपरिक और तकनीकी निगरानी के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टिंकू सिंह परैया थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चोखा उर्फ सत्यनारायण सिंह के रूप में बताई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के न्यू अबगीला पहाड़तल्ली मदरसा के समीप फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 478/26 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान टिंकू सिंह की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। इस कांड में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, टिंकू सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2011 से लगातार गंभीर आपराधिक कांड दर्ज होते रहे हैं।

गया पुलिस ने बताया कि जिले में इनामी और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।