करंट ने छीन ली मासूम की जिंदगी: इकलौते बेटे की मौत से उजड़ गया परिवार, मां की चीत्कार से गूंज उठा गांव।

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के डुमरी चट्टी पंचायत अंतर्गत खुटकट गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। महज आठ साल के आर्यन कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रात में बिजली आने पर आर्यन घर का पंखा चालू करने गया। पंखे में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया। बताया जाता है कि करीब दस मिनट तक मासूम करंट से जूझता रहा। उस समय घर की महिलाएं बाहर बैठी थीं, इसलिए किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।

कुछ देर बाद आर्यन की चाची घर के अंदर पहुंचीं तो देखा कि वह पंखे के पास गिरा पड़ा है। उसे उठाने के लिए जैसे ही उन्होंने हाथ लगाया, वह भी करंट की चपेट में आ गईं। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने बिजली का संपर्क काटकर दोनों को अलग किया। गंभीर हालत में आर्यन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। घायल चाची का उपचार किया गया और उनकी स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।

आर्यन के पिता राजेश यादव कोलकाता में निजी नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह रातोंरात गांव पहुंचे। शनिवार को नम आंखों से इकलौते पुत्र को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के दौरान हर आंख नम थी। मां बार-बार बेटे का नाम लेकर बेहोश हो जा रही थीं और स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो उठा।

ग्रामीणों ने बताया कि आर्यन पढ़ाई में मेधावी, स्वभाव से संस्कारी और सभी का चहेता था। उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत बालक की आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।