स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा फतेहपुर, विभिन्न स्थानों पर शान से लहराया तिरंगा

संवाददाता, फतेहपुर।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। प्रखंड मुख्यालय से लेकर पंचायत और विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों तक तिरंगा शान से लहराया। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

फतेहपुर के गांधी मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

वहीं, फतेहपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने झंडारोहण किया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। झंडा चौक पर अंचलाधिकारी अमिता सिन्हा ने तिरंगा फहराया। नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद रवि कुमार ने झंडारोहण किया गया। नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद वाहिद खान ने झंडारोहण किया।

विद्युत विभाग कार्यालय में जेई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। प्रखंड कार्यालय में प्रखंड प्रमुख अनीता देवी ने झंडारोहण किया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिक्षण संस्थानों में भी दिखा उत्साह

स्वतंत्रता दिवस को लेकर फतेहपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रखंड शिक्षा कार्यालय, प्रखंड कृषि कार्यालय, प्लस टू राम सहाय उच्च विद्यालय तथा सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल सहित अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया।

विद्यालयों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। कई स्थानों पर मिठाइयां भी बांटी गईं।

पूरे प्रखंड क्षेत्र में रहा देशभक्ति का माहौल

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फतेहपुर प्रखंड में सुबह से ही देशभक्ति का माहौल बना रहा। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्र, थाना परिसर और नगर पंचायत कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर तिरंगा फहराया गया। लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने की अपील की। सभी स्थानों पर झंडारोहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।