फतेहपुर में जन समस्याओं के समाधान को लेकर विशेष पहल, सहयोग व जन कल्याण शिविर में 175 आवेदन प्राप्त

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को फतेहपुर प्रखंड की चार पंचायतों में सहयोग शिविर तथा प्रखंड मुख्यालय में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन जमा किए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू ने बताया कि नीमी पंचायत, कठौतिया-केवाल पंचायत, उत्तरी लोधवे पंचायत एवं पहाड़पुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों में कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं प्रखंड मुख्यालय में आयोजित जन कल्याण शिविर में 91 आवेदन जमा किए गए। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 175 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि शिविर में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, मनरेगा, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कराई जाएगी तथा नियमानुसार उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

बीडीओ ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप आम लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए पंचायत स्तर से लेकर प्रखंड मुख्यालय तक शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में उपस्थित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही कई मामलों का समाधान भी किया गया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रखंड मुख्यालय में जन कल्याण शिविर आगामी दो दिनों तक और आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन जमा करने की अपील की है।