
खिजरसराय में अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को यशवंत हाई स्कूल परिसर में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं और छात्रों को आग से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के प्रति जागरूक करना था।
अग्निशमन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रखंड के कई युवाओं और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कुड़वा मिशन फिजिकल अकादमी के सतीश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजय कुमार दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, छात्राओं की श्रेणी में यशवंत उच्च विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा शिवानी कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेताओं को अनुमंडल अग्निशमन प्रभारी तेजन राम द्वारा मेडल और टोपी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य लता सिन्हा सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1944 में हुए मुंबई डॉकयार्ड विस्फोट में शहीद हुए 66 वीर अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अधिकारियों ने उनके बलिदान को याद करते हुए लोगों से अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत विभाग द्वारा विभिन्न पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल (बचाव अभ्यास) भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभ्यासों में गैस सिलेंडर में लगी आग बुझाने, बिजली के शॉर्ट सर्किट से बचाव तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जा रहे हैं, ताकि आमजन समय रहते सही निर्णय ले सकें।
किसानों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। रबी फसल की कटाई और थ्रेसिंग के दौरान खलिहानों के पास बीड़ी-सिगरेट का उपयोग न करने तथा तेज हवाओं के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, जिससे आग लगने की घटनाओं को रोका जा सके।
अग्निशमन विभाग की टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड में तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में सहायक राजदेव प्रसाद, रजत कुमार, अमित कुमार, सुशील मंडल, प्रिंस कुमार, सुमन कुमारी, राकेश कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply