छठ घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा फतेहपुर प्रशासन, बीडीओ और सीओ ने मोरहे घाट का किया निरीक्षण

साफ-सफाई के साथ छठ व्रतियों के लिए कपड़े बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।

गया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर फतेहपुर प्रखंड में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को फतेहपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू एवं अंचलाधिकारी अमिता सिन्हा ने मोरहे छठ घाट का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने घाट की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को छठ घाटों पर विशेष साफ-सफाई कराने तथा पर्व से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

बीडीओ शशि भूषण साहू ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के छठ घाटों पर साफ-सफाई को लेकर आवश्यक आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई के साथ-साथ महिलाओं एवं पुरुषों के लिए कपड़े बदलने की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि अर्घ्य देने आने वाले व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।