
फतेहपुर (गया)। फतेहपुर थाना क्षेत्र में बाइक की डिक्की का लॉक तोड़कर उसमें रखे 2 लाख 15 हजार रुपये चोरी कर लेने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने फतेहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से रुपये बरामद करने और आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरपा थाना क्षेत्र के अलकडीहा गांव निवासी 48 वर्षीय विजय कुमार पिता स्व. गोविंद प्रसाद यादव ने अपने आवेदन में बताया है कि 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने फतेहपुर स्थित स्टेट बैंक से 2 लाख 15 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद पैसा एक बैग में रखकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दिए और घर के लिए रवाना हो गए।
आवेदन के मुताबिक, रास्ते में गोपी मोड़ के पास विकास मिस्त्री से अपनी मोटरसाइकिल बनवाने के लिए वे करीब आधे घंटे तक रुके। इसके बाद घर जाने के दौरान गोपी मोड़-गुरपा रोड पर वृंदावन रेंज कार्यालय से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर पेशाब करने लगे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए कहा कि उनकी गाड़ी की डिक्की तोड़ दी गई है।
पीड़ित ने जब अपनी मोटरसाइकिल के पास जाकर देखा तो डिक्की का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखा काला बैग गायब था। बैग में रखे 2 लाख 15 हजार रुपया भी चोरी हो चुके थे। आसपास के लोगों ने बताया कि दो संदिग्ध व्यक्ति वहां आए थे। उनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दोनों हाफ टी-शर्ट पहने हुए थे और उनके कंधों पर गमछा था।
पीड़ित के अनुसार, आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। इनमें एक हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठे दूसरे व्यक्ति की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। जिसके बाद थक-हारकर फतेहपुर थाना में आवेदन दिये है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर चोरी हुए 2 लाख 15 हजार रुपये बरामद कराने और दोनों संदिग्धों की पहचान कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










Leave a Reply