दिवाली और छठ पूजा को लेकर खिजरसराय में शांति समिति की बैठक, अधिकारियों ने किया छठ घाटों का निरीक्षण

खिजरसराय संवाददाता। दिवाली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर खिजरसराय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। इस दौरान त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने और छठ व्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसडीएम केशव आनंद, डीएसपी सुरेंद्र सिंह, अंचल अधिकारी केशव किशोर, प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा गहलोत, खिजरसराय थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, महकार थानाध्यक्ष पवन कुमार, नगर पंचायत प्रतिनिधि अमीर यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने लोगों से दिवाली एवं छठ पूजा का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।

बैठक समाप्त होने के बाद एसडीएम केशव आनंद एवं डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान केनी पुल, बिहटा पंचायत एवं औंगारी धाम स्थित छठ घाटों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने घाटों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई अभियान शुरू कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कराई जाएंगी, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।