फतेहपुर में मारपीट के सात दिन बाद युवती की संदिग्ध मौत,गले पर मिले निशान; परिजनों ने मारपीट को बताया मौत की वजह

फतेहपुर थाना क्षेत्र के गोपी मोड़ स्थित गंगासागर गांव में बुधवार को एक युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रियांशु कुमारी पिता रामप्रवेश यादव के रूप में हुई है। युवती की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते 28 अक्टूबर को गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना के सात दिन बाद बुधवार को युवती की मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि मारपीट की घटना के बाद से ही प्रियांशु की तबीयत बिगड़ने लगी थी और अंततः उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मारपीट में अर्जुन साव,कारू साव की पत्नी, विक्रम कुमार समेत अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। वहीं, युवती के गले पर निशान पाए जाने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है।


हालांकि, युवती की मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण से हुई, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। इस संबंध में फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत का मारपीट की घटना से कोई संबंध है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।