खिजरसराय में रबी महाअभियान के तहत किसानों को दी गई खेती की जानकारी।



आधुनिक कृषि पद्धति, जैविक खेती और सरकारी योजनाओं के प्रति किसानों को किया गया जागरूक।

खिजरसराय प्रखंड परिसर में सोमवार को वासंतिक रबी महाअभियान-2026 के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जिला विपणन पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी पवन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा गहलोत, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विपिन गुप्ता, बीस सूत्री अध्यक्ष पिंकी देवी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी पीयूष पांडेय, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक प्रियंका कुमारी एवं अजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों का चयन करने और फसलों में संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने की सलाह दी। इसके साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने और कृषि संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।

अधिकारियों ने खाद एवं बीज की उपलब्धता, फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों पर भी चर्चा की। किसानों को सलाह दी गई कि बुवाई से पहले बीज की गुणवत्ता की जांच करें तथा फसलों में रोग के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों से संपर्क कर उचित उपचार अपनाएं।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए प्रशिक्षित करना, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें कृषि विभाग की योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ना था।