
चंदौती थाना कांड संख्या 451/26 में पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।
गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र के बालदेव नगर में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट, गोलीबारी और बमबाजी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस कांड में शामिल एक अन्य आरोपी ने 26 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और एक आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर 2026 की है। सुबह करीब 11 बजे चंदौती थानाध्यक्ष को बालदेव नगर में जमीन विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था। हालांकि, उसी दिन दोपहर करीब दो बजे दोबारा सूचना मिली कि 40 से 50 की संख्या में लोग विवादित जमीन पर चहारदीवारी निर्माण का विरोध कर रहे हैं। इस दौरान तोड़फोड़, गोलीबारी और बमबाजी किए जाने की बात सामने आई।
घटना की सूचना पर वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया गया। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में करीब 40 से 50 लोगों की भीड़ द्वारा लाठी-डंडे से लैस होकर हंगामा करने और तोड़फोड़ करने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से दो सुतली बम भी बरामद किए गए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते की मदद से निष्क्रिय कराया गया।
एसआईटी गठित कर की गई छापेमारी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार छापेमारी की और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त, 26 अक्टूबर को इस कांड में संलिप्त दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल कुमार उर्फ विक्की पाण्डेय, कुणाल दूबे, छोटू कुमार उर्फ रंजन कुमार, साहिल कुमार, सरज कुमार, बोडिल पासवान उर्फ सन्नी पासवान और प्रियांशु कुमार उर्फ मोटी पासवान सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, पुलिस की लगातार छापेमारी के दबाव में इस कांड के एक अन्य आरोपी रामजी पासवान ने 26 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, इसी मामले में दो अन्य आरोपियों रवि कुमार और अनुज कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला।
इस मामले में चंदौती थाना कांड संख्या 451/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गया पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और अफवाहों से बचें। पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।













Leave a Reply